रेवाड़ी। जिले में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। न्यूनतम तापमान 2.0 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। शीतकालीन अवकाश के बावजूद छोटे बच्चे ठिठुरते हुए यहां निजी स्कूलों में पहुंच रहे हैं। खास बात यह है कि सरकार की ओर से सरकारी व निजी विद्यालयों में 1 से 15 जनवरी तक अवकाश घोषित है। लेकिन ज्यादातर निजी स्कूलों में नियम विरुद्ध पढ़ाई जारी है।
रेवाड़ी जिला में 5 जनवरी को न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले एक पखवाड़े की बात करें तो जिले में न्यूनतम पारा लगातार गिरावट दर्ज करा रहा है। वहीं दिनभर कोहरा भी है। इसके बीच कड़ाके की सर्दी में स्कूल पहुंचना छोटी कक्षाओं के बच्चों के लिए मुश्किलें खड़ी कर रहा है। रेवाड़ी के जिला शिक्षा अधिकारी नसीब सिंह ने बताया कि उनके संज्ञान में ऐसा कोई मामला नहीं है। कुछ शिकायतें आई थीं, जिन पर कार्रवाई की गई है। अगर किसी स्कूल की शिकायत आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।