बावल। औद्योगिक कस्बे बावल स्थित एक ढाबा के पास एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। हालांकि उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। आशंका जाहिर की जा रही है कि उसकी मौत ठंड लगने से हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। शव की शिनाख्त के लिए पुलिस ने आसपास के किरायेदारों से पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कस्बा बावल के भगतराम चौक पर राजस्थान के जिला भरतपुर के गांव ऊंच निवासी सोनू ने ढाबा खोला हुआ है। वीरवार की सुबह उसके ढाबे के पास एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ था। सूचना के बाद तुरंत बावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने उसे उठाकर तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की उम्र करीब 48 साल है और वह ढाबे पर ही काम करता था। ढाबों वालों से उसने अपना नाम भिवानी जिले के गांव गोलागढ़ निवासी नवीन बताया था। हालांकि बावल थाना पुलिस ने जब भिवानी के थाना जुई व गोलागढ़ में सरपंच से संपर्क किया तो उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई। शिनाख्त के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।