रेवाड़ी। हरियाणा सिविल मेडिकल एसोसिएशन के आह्वान पर सरकारी डॉक्टरों ने सोमवार को काले बिल्ले लगाकर विरोध जताया।
डॉ. विशाल राव, डॉ. कंचन यादव, डॉ. गौरव, डॉ. मनीष ने बताया कि सरकार और एसोसिएशन के बीच आपसी समझौते के बाद डॉक्टरों ने छह महीने पहले आंदोलन स्थगित कर दिया था। छह महीने बाद भी सरकार ने किसी भी मुद्दे का समाधान नहीं कियाै। चार महत्वपूर्ण मुद्दों में से दो मुद्दे (स्पेशलिस्ट कैडर और पीजी कोर्स बॉन्ड में कमी) कछुआ गति से आगे बढ़ रहे हैं और लालफीताशाही के कारण अटके हुए हैं। राज्य के सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञों की भारी कमी है, लेकिन विशेषज्ञ कैडर का प्रस्ताव सीएम की मंजूरी के बाद भी पिछले चार महीनों से वित्त विभाग में अटका हुआ है। पीजी बांड की राशि कम करने का प्रस्ताव भी छह महीनों से ऊपर-नीचे हो रहा है। एसोसिएशन ने निर्णय लिया है कि स्वास्थ्य विभाग की बेहतरी के लिए इन मुद्दों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित करने और मुख्य मुद्दों को उजागर करने के लिए एसोसिएशन जुलाई में स्वास्थ्य सुधार आंदोलन शुरू करेगी। संवाद
ं