बावल। डीआईटीएस कर्मचारियों को पक्का करने और उनके सेवा नियम बनाने की मांग को लेकर हरियाणा कंप्यूटर प्रोफेशनल संघ की प्रदेश स्तरीय हड़ताल सोमवार को 15वें दिन भी जारी रही। धरनारत डीआईटीएस कर्मचारियों ने जुलूस निकाल कर नारेबाजी की और डाॅ. बनवारी लाल को ज्ञापन सौंपा।
छोटूराम चौक से सभी डीआईटीएस कर्मचारी एकजुट होकर जुलूस निकाल कर जनस्वास्थ्य मंत्री डॉ. बनवारी लाल को ज्ञापन देने के लिए उनके आवास पर पहुंचे। इस दौरान डीआईटीएस कर्मचारियों ने नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने मांगों से संबंधित मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डॉ. बनवारी लाल को सौंपा।
जिला प्रधान दयाशंकर और अजय कुमार ने बताया कि वे अपनी मांगों को लेकर 15 जुलाई से हड़ताल पर हैं लेकिन अभी तक सरकार उनकी मांगों को पूरा करने की दिशा में आगे नहीं बढ़ रही है। कर्मचारी 20 वर्ष से अपनी सेवाएं सरकार को देते आ रहे हैं। ऐसे में सभी कर्मचारी नियमित होने और सेवा नियम पाने के पात्र बनते हैं। यदि सरकार उनकी मांगों को पूरा नहीं करती है तो उनकी हड़ताल और धरना जारी रहेगा। वहीं, मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने ज्ञापन लेते हुए आश्वासन दिया कि आपकी सभी मांगों से सीएम को अवगत करवाएंगे और उन्हें पूरा करवाने हेतु पैरवी भी करेंगे।