गांव बोड़िया कमालपुर स्थित बड़े शिव मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी कार्यक्रम के दौरान आधी रात को हवाई फायरिंग होने से दहशत फैल गई। दही-हांडी तोड़ने को लेकर हुए विवाद में युवकों ने कथित तौर पर चार राउंड फायर किए। गोलियों की आवाज सुनते ही मंदिर परिसर में भगदड़ मच गई। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
मंदिर में जन्माष्टमी के अवसर पर जागरण चल रहा था। आधी रात को दही-हांडी तोड़ने के लिए लाइट बंद की गई थी। इसी दौरान गांव के प्रमोद और मांढिया गांव निवासी संजीत, चीकू व सोले के बीच मटकी तोड़ने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि मटकी तोड़ने की होड़ में अंधेरे में उसे निशाना बनाकर चार राउंड हवाई फायरिंग की गई। अचानक गोली चलने से कार्यक्रम में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
गांव के दोनों मंदिरों में जन्माष्टमी कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। एक महिला की मौत के बाद छोटे मंदिर का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया था, जबकि बड़े मंदिर में कार्यक्रम जारी रखा गया। घटना को गांव में बढ़ रही गुटबाजी से भी जोड़कर देखा जा रहा है। सदर थाना एसएचओ राकेश कुमार ने बताया कि दही-हांडी तोड़ने के विवाद में फायरिंग की सूचना मिली थी। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है। शनिवार को मंदिर में भंडारे को देखते हुए पुलिस तैनात रही।