रेवाड़ी। गांव अहरोद में नशे के दुष्परिणामों पर ग्रामीणों के साथ चर्चा करते हुए निरीक्षक रामपाल।
रेवाड़ी। जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से रेवाड़ी पुलिस की नशा मुक्त टीम लगातार गांव-गांव पहुंच कर लोगों को जागरूक कर रही है।
मंगलवार को निरीक्षक रामपाल के नेतृत्व में टीम ने गांव बासदुदा, अहरोद और ढाणी शोभा में ग्रामीणों से मुलाकात की और घर-घर अभियान चलाते हुए नशे के दुष्परिणामों पर चर्चा की।
निरीक्षक रामपाल ने कहा कि पुलिस और आमजन के आपसी सहयोग से ही नशे जैसी सामाजिक बुराई पर अंकुश लगाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि नशा व्यक्ति के जीवन के साथ-साथ उसके पूरे परिवार को बर्बाद कर देता है इसलिए समाज को इस बुराई के खिलाफ एकजुट होना होगा।
उन्होंने कहा कि पुलिस के अभियान से प्रेरित होकर अब कई युवक शिक्षा और खेल की ओर रुख कर रहे हैं। वहीं कई नशाग्रस्त युवकों ने नशा छोड़कर समाज की मुख्यधारा में वापसी की है। प्रशासन द्वारा उनका इलाज करवाकर पुनर्वास कराया जा रहा है। निरीक्षक रामपाल ने ग्रामीणों से अपील की कि नशे से जुड़ी कोई भी सूचना तुरंत पुलिस को मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 या 112 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।