रेवाड़ी। शहर की प्रमुख सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। इसके अलावा सड़कों पर बनाई गई सफेद और पीली पट्टियां मिट चुकी हैं। अब सुबह धुंध छाने लगा है। भविष्य में लगातार कोहरे का भी प्रभाव होगा। ऐसे में अगर सड़कें दुरुस्त नहीं की गई और सफेद व पीली पट्टियां नहीं बनाई गईं तो हादसे हो सकते हैं।
कोहरे के मौसम में शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की खस्ताहाल सड़कें वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन सकती हैं। कोहरे में सड़क पर बने गड्ढे वाहन चालकों को आसानी से नजर नहीं आते हैं जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
यदि कोई वाहन तेज गति से गुजरता है तो गड्ढे में पहिया जाने से दुर्घटना हो सकती है। इसके अलावा शहर की कई सड़कों पर सफेद और पीली पट्टियां भी स्पष्ट दिखाई नहीं देती हैं। कहीं ये पट्टियां मिट चुकी हैं तो कहीं उन पर धूल और मिट्टी जमने के कारण इनकी दृश्यता कम हो गई है।
कोहरे के दौरान सड़क किनारे और लेन की पहचान करने में ये पट्टियां महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे में सड़कों की मरम्मत के साथ-साथ रोड मार्किंग करवाना भी जरूरी है।
शहर के सर्कुलर रोड पर कई स्थानों पर सड़क की हालत खराब है। बावल चौक के आसपास, नाईवाली चौक और महाराणा प्रताप चौक से भूतेश्वर मंदिर तक जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं।
यह मार्ग रेलवे स्टेशन, ऑटो मार्केट, नई अनाज मंडी और शहर के विभिन्न क्षेत्रों को जोड़ता है। सुबह और शाम के समय यहां वाहनों का दबाव अधिक रहता है। इसी तरह महाराणा प्रताप चौक के नजदीक नेहरू पार्क और नई अनाज मंडी से भाड़ावास रोड को जोड़ने वाली सड़क पर भी वाहन चालकों को परेशानी होती है।
रेवाड़ी-महेंद्रगढ़ रोड पर भी सुरक्षा इंतजाम जरूरी:
रेवाड़ी-महेंद्रगढ़ स्टेट हाईवे पर भी सड़क सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं सामने आती रही हैं। इस मार्ग पर कई गांवों के संपर्क रास्ते मुख्य हाईवे से जुड़ते हैं। संपर्क मार्गों से मुख्य सड़क पर आने वाले वाहनों के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम और स्पीड ब्रेकर नहीं होने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। धुंध के दौरान मुख्य हाईवे पर तेज गति से चलने वाले वाहनों और संपर्क रास्तों से आने वाले वाहनों के बीच टक्कर की आशंका बढ़ सकती है। ऐसे स्थानों पर यातायात संकेतक, चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर और आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर बनाए जाने चाहिए।
धुंध बढ़ने से पहले दुरुस्त हों सड़कें
रेवाड़ी निवासी राजेश कुमार ने कहा कि सर्दी का मौसम शुरू हो चुका है और सुबह के समय धुंध भी दिखाई देने लगी है। आने वाले दिनों में धुंध का असर बढ़ने से पहले सड़कों की मरम्मत करवाना जरूरी है। नीरज यादव ने बताया कि केवल गड्ढों को भरना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि सड़कों पर सफेद और पीली पट्टियां दोबारा बनवाने, रिफ्लेक्टर लगाने और खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक करवाने की भी जरूरत है। इससे कम दृश्यता के दौरान वाहन चालकों को सड़क की स्थिति और दिशा का अंदाजा लगाने में मदद मिलेगी। लोगों ने नगर परिषद और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि अपने-अपने अधिकार क्षेत्र की सड़कों का निरीक्षण करवाकर मरम्मत का काम जल्द शुरू कराया जाए।
वर्जन:
जर्जर सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी। सड़क पर बने गड्ढों को भरने का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। कई जगहों पर मरम्मत का कार्य हो भी रहा है।-सत्येंद्र, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग।
शहर के सर्कुल रोड स्थित अग्रसेन चौक पर बना गड्ढा। संवाद
शहर के सर्कुल रोड स्थित अग्रसेन चौक पर बना गड्ढा। संवाद