संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। शहर में रेजांगला पार्क के पास स्थित पंप के सामने सड़क किनारे दोनों पैरों से दिव्यांग युवक को जंजीर से बांधा गया था। उसके ऊपर सामाजिक कार्यकर्ता अधिवक्ता राजेंद्र सिंह की नजर पड़ी तो उन्होंने अपनी कार रोककर स्थिति का जायजा लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को जंजीर से मुक्त कराया।
राजेंद्र सिंह अपने सहयोगी एडवोकेट मनोज यादव और कैलाश यादव मनेठी के साथ कार से पायलट चौक से कर्नल राम सिंह चौक की तरफ जा रहे थे।
राजेंद्र सिंह ने बताया कि जब वे रेजांगला पार्क के पास इंडेन ऑयल पंप के सामने पहुंचे तो उनकी नजर सड़क किनारे जंजीर से बंधे युवक पर पड़ी। उन्होंने गाड़ी रोककर देखा तो युवक दोनों पैरों से दिव्यांग था। वह मानसिक रूप से भी अस्वस्थ प्रतीत हो रहा था। उसकी स्थिति देखकर उन्होंने मॉडल टाउन थाना पुलिस को फोन कर सूचना दी।
सूचना मिलते ही मॉडल टाउन थाना से विजय कुमार पहुंचे। पुलिस ने युवक के सगे भाई को बुलाया। इसके बाद भाई ने चाबी की मदद से जंजीर का ताला खोलकर युवक को मुक्त कराया।
बाद में युवक को इलाज के लिए परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इस दौरान मौके पर काफी संख्या में नागरिक एकत्रित हो गए। सुरेंद्र यादव ने बताया कि युवक काफी दिनों से इसी दयनीय स्थिति में रह रहा था।
राजेंद्र सिंह ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को इस तरह जंजीर से बांधकर रखना अमानवीय है। यह मानवाधिकारों का हनन है और इस तरह का कृत्य गैरकानूनी है।
उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति ने युवक को जंजीर से बांधकर रखा था, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही युवक के इलाज और सम्मानजनक देखभाल की व्यवस्था भी सुनिश्चित होनी चाहिए।