धारूहेड़ा में कंपनी में लगी आग। स्रोत : स्थानीय नागरिक
धारूहेड़ा। राजपुरा गांव के पास स्थित टोक्समो इलेक्ट्रिक स्कूटी फैक्टरी में मंगलवार रात करीब साढ़े 10 बजे आग पर काबू पाया जा सका। फैक्टरी में रखी बैटरियों, टायर-ट्यूब और अन्य ज्वलनशील सामान ने आग पकड़ ली जिससे कुछ ही देर में पूरी इमारत धुएं और आग की लपटों से घिर गई।
आग बुझाने के लिए 10 दमकल गाड़ियों को लगाया गया था। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई लेकिन फैक्ट्री में रखी तैयार स्कूटियां, बैटरियां और अन्य सामान जलकर राख हो गया। फैक्टरी की तीसरी मंजिल पर रखी बैटरी में धमाके के साथ आग लगी थी।
आग लगने की खबर के बाद आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए और फायर कर्मियों की मदद के लिए पानी की व्यवस्था कराई गई। अधिकारियों का कहना है कि पूरी जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।