धारूहेड़ा के सोहना रोड पर रविवार की रात को एक कार ने पैदल जा रहे दो लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि विकास नगर निवासी महाबीर प्रसाद व राधेश्याम शर्मा रविवार की रात को करीब साढ़े आठ बजे सड़क किनारे पैदल जा रहे थे। भिवाड़ी की ओर से आई एक तेज रफ्तार कार ने दोनों को पीछे से सीधी टक्कर मार दी। हादसे में दोनों व्यक्ति घायल हो गए। महाबीर को लोगों ने भिवाड़ी के अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि राधेश्याम की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बाद सेक्टर-6 थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजन को सौंप दिया तथा अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।