कोसली। गांव कोसली में मठ के समीप आयोजित श्याम बाबा जागरण में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मंगलवार देर रात तक चले इस जागरण में भक्तों ने भजनों पर झूमते हुए बाबा श्याम के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
जागरण के दौरान हारे के सहारे, बाबा श्याम हमारे जैसे भजनों पर श्रद्धालु पूरी रात झूमते रहे और बाबा के जयकारों से पूरा पंडाल गूंज उठा।
जागरण स्थल को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया था। बाबा श्याम की आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही, जिसे देखने के लिए देर रात तक लोगों की भीड़ लगी रही।
इस आयोजन के आयोजक राजेन्द्र सिंह, राजकुमार उर्फ सोनू और एडवोकेट राहुल राव ने बताया कि समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए बैठने, पेयजल और प्रसाद वितरण की उत्तम व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने अनुशासन बनाए रखने में अहम योगदान दिया।
इस अवसर पर महंत शिवपुरी महाराज, पूर्व मंत्री जगदीश यादव, पूर्व डिप्टी स्पीकर संतोष यादव, एडवोकेट जीवन हितैषी और सुषमा यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सहयोग करने वालों में तनुज, ओमप्रकाश, अमन सेठ, मोहित गोयल और रमन गोयल सहित अन्य युवाओं का योगदान रहा। अंत में 56 भोग का प्रसाद वितरित किया गया और बुधवार सुबह आरती के साथ जागरण का समापन हुआ।