संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। शहर के ब्रास मार्केट में तिकोना पार्क की चहारदीवारी, सड़क निर्माण के साथ ही अन्य विकास कार्य दो माह से बंद पड़े हैं। इसका कारण लगाई गई ग्रैप की पाबंदी बताई जा रह है। इसकी वजह से निर्माण सामग्री पड़े-पड़े खराब हो रही है।
नगर परिषद की ओर से ब्रास मार्केट के सुधार के लिए 2.5 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। टेंडर होने के बाद ब्रास मार्केट के तिकोना पार्क की बाउंड्री वॉल बनाने का कार्य शुरू किया गया, जोकि अधूरा पड़ा हुआ है। जलभराव की समस्या से निपटने के सीवर लाइन में पाइप डालकर चेंबर बनाए गए हैं। इसके अलावा जर्जर हो चुकी सभी सड़कों व फुटपाथ का नवनिर्माण होना है। सड़कों पर नगर परिषद की ओर डाली गई टाइल्स टूटने लगी है। ब्रास मार्केट के व्यापारी टाइल की सड़क बनाने को लेकर संतुष्ट नहीं है। नेहरू पार्क के सामने स्थित तिकोने पार्क की स्थिति दयनीय है। पार्क की चारदीवारी, जालियां व झूले पूरी तरह टूट चुके हैं। पार्क की स्थिति सुधारने का कार्य शुरू किया गया, जो बंद है। अभी चारदीवारी का कार्य पूरा करके लोहे की जालियां लगाई जानी है। ब्रास मार्केट की सभी सड़कों की हालत दयनीय है। सड़कों पर बने गड्ढों को मलबा डालकर भरा जा रहा है।
ब्रास मार्केट की दुर्दशा को लेकर दुकानदारों व लोगों में काफी नाराजगी थी, जिसके लिए दुकानदारों ने कई बार अधिकारियों से लेकर मंत्रियों तक गुहार भी लगाई थी। अनेक बार रोष जताकर ज्ञापन भी सौंपे गए। बरसात के समय दुकानदारों को जलभराव होने से मार्केट में ज्यादा दिक्कत हो रही थी। अधिकारियों ने भी कई बार मार्केट का निरीक्षण किया था।
वर्जन:
कई बार ग्रैप की पाबंदियां लगने की वजह से निर्माण कार्य रूका हुआ है। पाबंदियां हटने के बाद निर्माण कार्य फिर से शुरू करा दिया जाएगा।
- संदीप मलिक, ईओ, नगर परिषद