रेवाड़ी। नई अनाज मंडी में इन दिनों फसल के उठान की धीमी गति के कारण किसानों और आढ़तियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंडी परिसर में गेहूं और सरसों की आवक लगातार बढ़ रही है लेकिन उठान कार्य अपेक्षाकृत धीमा होने से यहां जाम जैसे हालात बन गए हैं।
सोमवार को गेहूं के 110 गेट पास जारी किए जा गए। करीब 3500 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई है। इसी तरह सरसों की स्थिति भी कुछ अलग नहीं है। सरसों के 140 गेट पास काटे जा चुके हैं जिसमें लगभग 4500 क्विंटल की खरीद की गई।
यदि जिले की सभी अनाज मंडियों की बात करें तो अब तक करीब 3.40 लाख क्विंटल गेहूं मंडियों में पहुंच चुका है। इसमें से लगभग 3.17 लाख क्विंटल की खरीद की जा चुकी है लेकिन उठान की रफ्तार धीमी रहने के कारण कुल खरीदे गए गेहूं में से केवल करीब 53.50 प्रतिशत का ही उठान हो पाया है।
इससे मंडियों में फसल का स्टॉक बढ़ता जा रहा है और जगह की कमी होने लगी है। वहीं सरसों की आवक भी बड़े स्तर पर जारी है। मंडियों में अब तक लगभग 4.5 लाख क्विंटल सरसों पहुंच चुकी है जिसमें से करीब 3.10 लाख क्विंटल का उठान किया जा चुका है।
हालांकि सरसों के उठान की स्थिति गेहूं की तुलना में थोड़ी बेहतर नजर आती है, लेकिन यहां भी पूरी तरह संतोषजनक नहीं कही जा सकती।
जाम में निकलना हो जाता है मुश्किल
रविवार को मंडी परिसर में दिनभर उठान का कार्य जारी था लेकिन इसके बावजूद स्थिति पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी। मंडी में जगह-जगह फसल के ढेर लगे हुए हैं और आवक लगातार बढ़ने से समस्या और गंभीर होती जा रही है। कई बार इतना जाम लग जाता है कि निकलना मुश्किल हो जाता है। स्कूल बस भी जाम फंस जाती हैं।
-
सरसों व गेहूं की खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी
डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि शेष लिफ्टिंग का कार्य तेज गति से किया जा रहा है। खरीद एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसानों को समय पर भुगतान किया जाए ताकि उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े। लिफ्टिंग कार्य में तेजी लाई जाए ताकि मंडियों में जगह की कमी न हो और नई फसल की आवक बाधित न हो।