बजट को लेकर जानकारी देतीं भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली। स्रोत : प्रवक्ता
रेवाड़ी। बजट की दूरगामी नीतियों पर चर्चा करने के लिए मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय में बैठक हुई। इसमें भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली ने कहा कि नायब सरकार का बजट रेवाड़ी के लिए प्रगति का नया अध्याय है।
रेवाड़ी के माजरा स्थित एम्स के निर्माण के लिए बजट में दिखाई गई सक्रियता और शहर की दशकों पुरानी ड्रेनेज समस्या के लिए विशेष फंड का प्रावधान दर्शाता है कि सरकार की प्राथमिकता में रेवाड़ी का आम नागरिक है।
रेवाड़ी नागरिक अस्पताल को 300 बेड की क्षमता के साथ सुपर-स्पेशियलिटी सुविधाओं से लैस करने का निर्णय चिकित्सा क्षेत्र में बड़ी राहत प्रदान करेगा। इसके अतिरिक्त रेवाड़ी में 300 करोड़ की लागत से बनने वाले मिल्क प्लांट से पशुपालकों को दूध बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
हरियाणा अब ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था की दिशा में तेजी से अग्रसर
प्रदेश प्रवक्ता यशपाल बत्रा ने प्रदेश की आर्थिक और सामाजिक नीतियों का जिक्र करते हुए कहा कि हरियाणा अब ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था की दिशा में तेजी से अग्रसर है। लाडो लक्ष्मी योजना के माध्यम से महिलाओं को मिलने वाली आर्थिक मजबूती और धारूहेड़ा-बावल औद्योगिक क्षेत्र में बुनियादी विकास के लिए किया गया निवेश रेवाड़ी को प्रदेश का सबसे बड़ा इकोनॉमिक हब बना देगा। यह बजट युवाओं के लिए कौशल और किसानों के लिए समृद्धि का नया सवेरा लेकर आया है।
खेती को लाभ का सौदा बनाने का किया प्रयास
बजट में विशेष रूप से दक्षिण हरियाणा के रेतीले इलाकों के लिए सूक्ष्म सिंचाई और मेरा पानी-मेरी विरासत योजना के तहत फसल विविधीकरण के लिए दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि को बढ़ाकर खेती को लाभ का सौदा बनाने का प्रयास किया गया है। नेताओं ने संयुक्त रूप से कहा कि 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक का स्वास्थ्य बजट और 3 लाख किशोरियों के लिए मुफ्त एचपीवी टीकाकरण जैसे कदम जन-स्वास्थ्य के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाते हैं। इस अवसर पर जिला महामंत्री हिमांशु पालीवाल, कुलदीप चौहान, प्रवीण शर्मा, धीरज यादव सहित अन्य मौजूद रहे।