रेवाड़ी। इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय (आईजीयू) में शनिवार को विद्यार्थियों ने कैंपस में हॉस्टल खुला रखने व ऑनलाइन के साथ ऑफ लाइन कक्षाएं भी चलाने की मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। दो घंटे चले प्रदर्शन के बाद रजिस्ट्रार ममता कामरा ने शर्तों के साथ विद्यार्थियों की मांगें मानी जाने की घोषणा की।
अब हॉस्टल में रहने के लिए विद्यार्थियों से अंडरटेंकिंग ली जाएगी। इसके बाद ही विद्यार्थी हॉस्टल में रह सकते हैं। इसके अलावा ऑफ लाइन कक्षाओं के लिए भी विद्यार्थियों की लिखित अनुमति के बाद ही कक्षाएं लगाई जा सकेंगी। विश्वविद्यालय इनसो अध्यक्ष रवि मसीत ने कहा कि विवि प्रशासन ने ऑनलाइन क्लासेज चलाने और गर्ल्स हॉस्टल खाली करवाने का निर्देश दिया था, जो कि विद्यार्थियों के हित के खिलाफ था। शनिवार को इनसो के प्रदर्शन के चलते विवि प्रशासन को पुलिस बल बुलाना पड़ा। मसीत ने कहा कि पिछले वर्ष से कक्षाएं न लगने के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई अच्छे तरीके से नहीं हो पाई। गर्ल्स हॉस्टल को खाली करवाने का निर्देश भी बेवजह दिया गया।
15 अप्रैल के बाद से लगेंगी ऑफ लाइन कक्षाएं
इनसो विवि उपाध्यक्ष राकेश ने बताया कि यह फरमान विद्यार्थियों के हित में नहीं था। राकेश ने बताया कि 15 अप्रैल के बाद से लगातार ऑफ लाइन क्लॉसेज लगवाने का आश्वासन मिला है। हॉस्टल को खाली नहीं करवाने के निर्देश दिए गए हैं। इस मौके पर इनसो छात्र नेता मनजीत मुरलीपुर, अक्षय, गौरव, रजत, तनिष्क, साहिल, संगीता, नेहा चौधरी, भावना, मधु, तमन्ना, ज्योति, रेनू, ममता, नीरू, निकिता, सौरभ, रोबिन जोनावास, अंकित, नवीन, राहुल, हितेश, कमल, प्रीतम, आशीष, मनोज, सुमित, राकेश, आशीष, अमन, नवीन, शुभम, दीपांशु, रितेश, जतिन, प्रदीप व शशांक आदि सैकड़ों विद्यार्थी उपस्थित रहे।