संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। समाजसेवी संजय शर्मा ने जिला उपायुक्त को ईमेल के माध्यम से पत्र भेजकर बिजली विभाग की ओर से चल रहे तार बदलने और मरम्मत कार्यों पर रोक लगाने की मांग की है। कहा कि इन कार्यों के कारण पूरे दिन कटौती हो रही है, जिससे आमजन और व्यापारियों को परेशानी हो रही है। उन्होंने दीपावली से पहले बिजली कटौती पर रोक लगाने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि बिजली कटौती से आम जनता के साथ ही व्यापारियों के काम पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। लगातार बिजली कटौती से लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने उपायुक्त से अनुरोध किया है कि दीपावली तक बिजली का तार बदलने और मरम्मत कार्यों पर तत्काल रोक लगाई जाए। अधिक समय तक बिजली कटौती नहीं की जाए ताकि त्योहार के समय सभी को निरंतर और सुचारू बिजली उपलब्ध हो सके।