रेवाड़ी। केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र भेज कर आगामी बजट में गुरुग्राम और रेवाड़ी में विशेष परियोजनाओं के लिए अलग से बजट देने की मांग की है। साथ ही सराय काले खां से रेवाड़ी के बावल तक मेट्रो ट्रेन परियोजना को बजट में शामिल करने की मांग की।
उन्होंने पत्र में कहा है कि दक्षिण हरियाणा को सैनिकों की खान कहा जाता है और रेवाड़ी, गुरुग्राम और नारनौल में पूर्व सैनिकों की सुविधा के लिए सैनिक सदन बनाना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए बजट में विशेष राशि देने की अपील की गई है।
राव इंद्रजीत ने धारूहेड़ा और मसानी बैराज में दूषित पानी की समस्या के समाधान के लिए भी अलग से बजट की मांग की है। इसके अलावा, उन्होंने अरावली संरक्षण के लिए बजट में घोषणा करने और पंचायत और नगर निकायों में अध्यक्षों की शक्तियों को बढ़ाने का भी सुझाव दिया।
राव ने पत्र में कहा कि गुरुग्राम के बाद रेवाड़ी जिले का तेजी से विस्तार हो रहा है। भविष्य में नमो भारत कॉरिडोर सहित अनेक आवासीय और औद्योगिक सेक्टर विकसित किए जा रहे हैं, जिसमें बावल एक बड़ा औद्योगिक क्षेत्र है।
रेवाड़ी शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए उन्होंने कई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की आवश्यकता पर जोर दिया। राव ने हरी नगर से गोकलगढ़ तक बने बाइपास पर हरी नगर टी-पॉइंट फ्लाईओवर पर हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने आग्रह किया कि दुर्घटनाओं को कम करने के लिए इस टी-पॉइंट पर रेवाड़ी और नारनौल की ओर स्लिप रोड बनाई जाए।
उन्होंने हुडा बाइपास पर रेलवे फाटक संख्या एलसी 56 (रोहतक रेल लाइन) सहित अन्य स्थानों पर फ्लाईओवर और ओवरलीफ बनाने के लिए करीब 207 करोड़ रुपये के पीडब्ल्यूडी प्रस्ताव का जिक्र किया।
राजेश पायलट चौक (बावल रोड), सचिवालय के पास और कंटेनर डिपो रेलवे लाइन पर फ्लाईओवर के लिए पीडब्ल्यूडी और एचएसआरडीसी द्वारा भेजे गए प्रस्तावों को भी मंजूरी देने की मांग की गई।