रेवाड़ी। शहर में सोमवार को गो सेवा व विभिन्न संगठनों के आह्वान पर गो भक्तों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने तथा गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई।
गोभक्तों ने गो माता को साथ लेकर शहर में रैली निकाली और प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, हरियाणा के राज्यपाल व मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
बिजेंद्र गिरी महाराज ने कहा कि गो माता भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की प्रतीक है जिसका संरक्षण समाज की जिम्मेदारी है। वहीं साध्वी पुष्पा शास्त्री ने कहा कि देशवासियों की आस्था को संवैधानिक सम्मान देते हुए सरकार को जल्द इस दिशा में निर्णय लेना चाहिए।
गोक्रांति गो शाला से जुड़े गोसेवक प्रदीप डागर ने बताया कि एसडीएम के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर स्पष्ट मांग रखी गई है कि गो माता को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिले और गो हत्या पर सख्त कानून लागू किया जाए।
आयोजकों के अनुसार यह प्रदर्शन देशभर की पांच हजार तहसीलों में एक साथ आयोजित किया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को आगे और बड़े स्तर पर शांतिपूर्ण तरीके से जारी रखा जाएगा।
इस दौरान शीशराम यादव, दलीप शास्त्री, दयाराम आर्य, हवासिंह डागर सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता व गौभक्त मौजूद रहे।