रेवाड़ी। एक ओर जहां सरकार हर घर नल पहुंचाने की मुहिम चला रही है। वहीं शहर की पाॅश कॉलोनी सनसिटी (सेक्टर 6-7) के निवासी खारा पानी पीने को मजबूर हैं। रविवार को इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने सनातन धर्म मंदिर में बैठक की। इसमें स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीने योग्य जल उपलब्ध कराने की मांग की है।
कप्तान भीष्म पाल ने बताया कि चार साल से प्रशासन और सरकार से लगातार गुहार लगाने के बाद भी कोई हल नहीं निकल रहा। वरिष्ठ अधिवक्ता राव नरेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि प्लाट बेचते समय स्वच्छ जल सप्लाई कराने का वादा किया गया था, लेकिन लगभग 1500 लोगों को 30 टीडीएस से अधिक का खारा पानी सप्लाई किया जा रहा है। इससे लोगों में पथरी, हड्डी व त्वचा संबंधी रोग बढ़ रहे हैं।
खारे पानी से घरों की पाइप लाइन, आरओ, गीजर, नल, पेड़-पौधे आदि खराब हो रहे हैं। मीटिंग में सनसिटी प्रोजेक्ट प्रतिनिधि योगेश कुमार ने भी अपने प्रयासों की जानकारी दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समस्या का समाधान जल्द नहीं किया जाता है तो आने वाले समय में बड़ा कदम उठाया जाएगा। इस मौके पर रणधीर यादव, विवेक कुमार, रितेश, अरुण, मनोज, राकेश हरिश्चंद्र, शेखर, पवन कुमार, प्रदीप, जसवंत, रामपत, सत्यवीर, उत्तम, विकास, संदीप, रवि, कर्मवीर, संजय गोयल व संजय चौहान आदि मौजूद रहे।