संवाद न्यूज एजेंसी
कोसली। कोसली क्षेत्र के नंबरदारों ने वीरवार को तीन माह से मानदेय न मिलने के मुद्दे को लेकर एसडीएम कोसली से मिले और जल्द भुगतान की गुहार लगाई। नंबरदार अभेसिंह कोसली, हरिसिंह नठेडा, चिमनलाल भाकरी, रणसिंह भरमपुर ने बताया कि सरकार की ओर से हर माह मिलने वाला मानदेय उपमंडल में संबंधित कर्मचारियों की मनमानी के कारण नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि जब भी नंबरदार मानदेय के लिए संबंधित कर्मचारियों से मिलते हैं, तो उनके साथ बदसलूकी तक की जाती है। एसडीएम ने इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए सम्बंधित लिपिक को चेतावनी दी और जल्द से जल्द लंबित मानदेय देने का निर्देश दिया। नंबरदारों ने बताया कि उन्हें मानदेय प्राप्त करने के लिए किराया खर्च कर बार-बार चक्कर लगाने पड़ते हैं। उन्होंने जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित शिकायत भी प्रस्तुत की।