रेवाड़ी। सुभाष बस्ती, देव नगर और गुलाबी बाग के लोगों ने विधायक लक्ष्मण यादव से मुलाकात कर तीन कॉलोनियों में एक सरकारी प्राइमरी स्कूल खोलने की मांग की।
लोगों ने विधायक लक्ष्मण यादव को ज्ञापन देकर बताया कि छोटे बच्चों को स्कूल आने-जाने के लिए रेलवे लाइन पार करनी पड़ती है जिससे अक्सर हादसे का डर बना रहता है। विधायक ने नियमानुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। संदीप कुमार व मुकेश कुमार कहा कि इन कॉलोनियों के बच्चों को पढ़ने के लिए सेक्टर 24 के प्राइमरी स्कूल जाना पड़ता है जिसके लिए कोई दूसरा रास्ता नहीं है।
वार्ड-30 की पार्षद कुसुमलता और वार्ड-25 के पार्षद भगत सिंह जाटव भी ज्ञापन सौंपने विधायक के पास पहुंचे। पार्षदों ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए सरकार को जमीन की तलाश कर तीन कॉलोनियों के बच्चों के लिए नए सत्र से एक प्राइमरी स्कूल खोलना चाहिए।