रेवाड़ी। नवरात्र शुरू होने के साथ ही सराफा बाजार में रौनक बढ़ने लगी है। ग्राहक दुकानों पर आभूषण खरीदने के लिए पहुंच रहे हैं। त्योहारी सीजन में दुकानदार ऑफर भी दे रहे हैं। हालांकि महिलाएं सबसे अधिक हल्के और डिजाइनर आभूषणों को पसंद कर रही हैं।
सोने-चांदी के दामों में तेजी के बावजूद लोगों का रुझान खरीदारी की ओर बना हुआ है। नवरात्र के साथ ही त्योहारों की शुरुआत हो जाती है। ऐसे में कई लोग शुभ मुहूर्त में सोने-चांदी के आभूषण खरीदना पसंद करते हैं। यही वजह है कि नवरात्र शुरू होते ही सराफा कारोबारियों की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने लगी है।
कारोबारियों को उम्मीद है कि धनतेरस और दिवाली नजदीक आने के साथ ही बाजार में रौनक और बढ़ेगी। धनतेरस को देखते हुए कारोबारियों ने चांदी के आभूषणों के साथ बर्तन, मूर्तियां और विभिन्न डिजाइनों के सिक्के भी तैयार कराए हैं। त्योहार पर इन वस्तुओं की मांग बढ़ने की संभावना को देखते हुए दुकानों पर अलग-अलग डिजाइन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
ग्राहक अपनी पसंद और बजट के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं। शहर के बारा हजारी रोड स्थित सराफा बाजार, न्यू सराफा मार्केट, गुड़ बाजार और ब्रास मार्केट सहित अन्य क्षेत्रों में आभूषणों की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही दिखाई देने लगी है। दिवाली से पहले खरीदारी का सिलसिला तेज होने की उम्मीद है।
सोने-चांदी की कीमतों में तेजी के बीच फिलहाल 24 कैरेट सोने का भाव करीब 1 लाख 51 हजार रुपये और चांदी का भाव 2 लाख 29 हजार रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया है। बढ़ी कीमतों के बावजूद लोग त्योहार पर आभूषण और चांदी की वस्तुओं की खरीदारी में रुचि दिखा रहे हैं। कारोबारियों को उम्मीद है कि धनतेरस तक बाजार में ग्राहकों की संख्या बढ़ने के साथ कारोबार में भी तेजी आएगी।
हल्के और डिजाइनदार आभूषणों की मांग बढ़ी
सराफा कारोबारी जतिन ने बताया कि अक्षय तृतीया पर सोने की खरीदारी अधिक होती है, जबकि धनतेरस पर चांदी के आभूषण और सिक्कों की मांग बढ़ जाती है। सोने-चांदी की कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद लोग उत्साह के साथ आभूषण खरीद रहे हैं। इन दिनों हल्के और आकर्षक डिजाइन वाले आभूषण ग्राहकों की पसंद बने हुए हैं। नई तकनीक की मदद से अब दो ग्राम तक वजन के टॉप्स, अंगूठी सहित अन्य आभूषण तैयार किए जा रहे हैं। वहीं, सराफा कारोबारी अमित ने कहा कि नवरात्र के बाद करवाचौथ, दिवाली और शादी का सीजन शुरू होगा। ऐसे में सराफा बाजार में कारोबार बढ़ने की उम्मीद है। शादियों के लिए ब्राइडल ज्वैलरी की मांग अधिक रहती है। ग्राहकों की पसंद और जरूरत के अनुसार विभिन्न डिजाइन के आभूषण उपलब्ध हैं। वहीं, धनतेरस पर चांदी के सिक्कों की खरीदारी भी अधिक होती है।