रेवाड़ी। भीषण गर्मी में बिजली कटौती के चलते इनवर्टर और बैटरी की मांग बढ़ी है। लोग घरों और दुकानों में इनवर्टर और बैटरी लगवा रहे हैं। खासकर लंबे बैकअप वाली बैटरियों की मांग सबसे अधिक देखी जा रही है।
शहर के बाजार में करीब 20 से 30 दुकानों पर विभिन्न कंपनियों के इनवर्टर और बैटरियां उपलब्ध हैं। दुकानदार ग्राहकों की जरूरत और बजट के अनुसार अलग-अलग क्षमता के मॉडल उपलब्ध करा रहे हैं।
बिजली गुल होने की स्थिति में पंखे, कूलर, लाइट और अन्य जरूरी उपकरण लंबे समय तक चलते रहें, इसके लिए ग्राहक अधिक क्षमता वाली बैटरियों को प्राथमिकता दे रहे हैं। इलेक्ट्रिक कारोबारियों के अनुसार बाजार में इनवर्टर की कीमत करीब 4 हजार रुपये से शुरू होकर 7 हजार रुपये तक है।
वहीं बैटरियों की कीमत 10 हजार रुपये से 20 हजार रुपये तक है। जबकि इनवर्टर-बैटरी का पूरा सेट 14 हजार रुपये से शुरू होकर 20 हजार रुपये तक उपलब्ध है।
दुकानदारों के अनुसार गर्मी बढ़ने के साथ पुराने इनवर्टर की बैटरियां बदलवाने वाले ग्राहकों की संख्या भी बढ़ी है। वहीं नए मकानों में रहने वाले लोग पहली बार इनवर्टर सिस्टम लगवा रहे हैं। मांग को देखते हुए दुकानदार नियमित रूप से नया स्टॉक मंगवा रहे हैं। फिलहाल बाजार में इनवर्टर और बैटरियों की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है।
दिल्ली-गुरुग्राम से हो रही इनवर्टर-बैटरियों की आपूर्ति
दुकानदार रवि कुमार ने बताया कि सामान्य दिनों की तुलना में इन दिनों मांग बढ़ी है। अधिकतर ग्राहक पुराने इनवर्टर की बैटरी बदलवा रहे हैं, जबकि नए मकानों में रहने वाले लोग पहली बार इनवर्टर सिस्टम लगवा रहे हैं। वहीं इलेक्ट्रिक कारोबारी रमन का कहना है कि उनकी दुकान पर औसतन हर महीने करीब तीन इनवर्टर-बैटरी सेट की बिक्री हो रही है। इनवर्टर और बैटरियों की आपूर्ति दिल्ली और गुरुग्राम से हो रही है। मांग के अनुसार नियमित रूप से नया स्टॉक मंगाया जा रहा है। कंपनियों की ओर से पर्याप्त आपूर्ति होने के कारण फिलहाल बाजार में किसी प्रकार की कमी नहीं है।