रेवाड़ी। हरिनगर टी-पॉइंट पर रात के समय पर्याप्त रोशनी और यातायात सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग उठी है। जागरूक नागरिक मंच ने यहां हाईमास्ट लाइट लगाने, यातायात संकेतक लाइटें लगाने और 24 घंटे यातायात पुलिस की तैनाती करने की मांग की है।
मंच की ओर से एडवोकेट राजेंद्र सिंह ने बताया कि हरिनगर टी-पॉइंट पर रात के समय पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं है। यहां हाईमास्ट लाइट की जरूरत है, ताकि वाहन चालकों को रास्ता स्पष्ट दिखाई दे और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो सके। उन्होंने कहा कि इस स्थान पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कराने के लिए उन्हें और अन्य जागरूक नागरिकों को कई बार धरना-प्रदर्शन करना पड़ा था। इसके बाद प्रशासन ने कुछ इंतजाम किए, लेकिन अभी भी सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टी-पॉइंट पर पर्याप्त यातायात संकेतक लाइटें और हाईमास्ट लाइट लगाई जाएं। इसके साथ ही यहां 24 घंटे यातायात पुलिस की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो मंच की ओर से जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा।