रेवाड़ी। दिवाली नजदीक आते ही मिठाइयों और तरह-तरह के पकवानों की मांग बढ़ गई है। बहुत से लोग दिवाली पर घर चले जाते हैं। ऐसे में लोगों को मिठाइयां गिफ्ट करने और घर मिठाई ले जाने के कारण मिठाई की दुकानों पर बिक्री बढ़ी है। चीनी की भी अलग-अलग आकार प्रकार की मिठाइयां तैयार की जा रही हैं जिससे वातावरण में मिठास की खुशबू घुल गई है।
बाजार में तरह-तरह की मिठाइयां, नमकीन और सूखे मेवे के आकर्षक पैक लोगों को लुभा रहे हैं। वहीं, मिठाई खरीदने के अलावा घरों में पकवान बनाने की तैयारियां की जा रही हैं। दिवाली पर घरों में गुजिया, शक्करपारे, मठरी, बेसन के लड्डू, नमकपारे और सेव आदि तैयार किए जाते हैं।
महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर इन पकवानों को तैयार करने में जुटी हैं। कुछ परिवारों में त्योहार से दो-तीन दिन पहले ही मिठाई और नमकीन बनाने की तैयारी शुरू हो जाती है, ताकि मेहमानों के स्वागत और पूजा-पाठ के लिए घर में पकवान उपलब्ध रहे।
त्योहार के चलते छोटे कारोबारियों के काम में भी तेजी आने लगी है। घरों में मिठाई और नमकीन बनाने के लिए आटा, बेसन, चीनी, घी, तेल और सूखे मेवों की खरीदारी बढ़ रही है।
वहीं, बाजार में मिठाई की दुकानों पर काजू कतली, बेसन के लड्डू, बर्फी, रसगुल्ले, गुलाब जामुन और अन्य मिठाइयों की मांग बनी हुई है। दुकानदार ग्राहकों की पसंद को देखते हुए अलग-अलग वैरायटी और पैकिंग तैयार कर रहे हैं।
बिक्री में जबरदस्त उछाल की उम्मीद : रोहित
बस स्टैंड स्थित एक मिठाई विक्रेता रोहित ने बताया कि दिवाली को लेकर मिठाई की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने लगी है। लोग त्योहार पर घर ले जाने और रिश्तेदारों को देने के लिए अलग-अलग तरह की मिठाइयां पसंद कर रहे हैं। काजू कतली, बेसन के लड्डू, बर्फी और गुलाब जामुन की मांग रहती है। ग्राहकों की पसंद को देखते हुए मिठाइयों की कई वैरायटी तैयार करवाई जा रही हैं।
मिठाई संग नमकीन की मांग बढ़ी : राजा
मिठाई विक्रेता राजा ने बताया दिवाली पर मिठाई और नमकीन दोनों की मांग बढ़ जाती है। कुछ ग्राहक बाजार से तैयार मिठाइयां खरीदते हैं तो कई लोग घर पर पकवान बनाने के लिए सामान लेते हैं। त्योहार को देखते हुए दुकान पर नमकीन, मठरी, शक्करपारे और अन्य खाद्य सामग्री की उपलब्धता बढ़ाई गई है।
रोहित