दिल्ली से ट्रेन में राजकोट जा रही एक महिला यात्री की रेवाड़ी की निकट मौत हो गई। महिला की मौत के कारणों का पता नहीं लग पाया है। दूसरी ओर जाटूसाना स्टेशन पर एक अधेड़ महिला बेसुध हालत में मिली है। महिला को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि जहांगीरपुरी दिल्ली निवासी जितेंद्र कुमार चौहान अपनी पत्नी भावना के साथ दिल्ली से राजकोट जा रहे थे। रेवाड़ी के नजदीक भावना की तबीयत खराब हो गई। सूचना के स्टेशन से एंबुलेंस के जरिए उन्हें ट्रामा सेंटर में भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद राजकीय रेलवे पुलिस थाना से एसआई बृजेश कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। महिला के मौत का कारण हृदयघात माना जा रहा है, लेकिन सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता लग पाएंगे।
बेसुध मिली महिला
राजकीय रेलवे पुलिस थाना के एसएचओ परमानंद शर्मा ने बताया कि सूचना मिली कि जाटूसाना रेलवे स्टेशन के निकट एक महिला बेसुध हालत में पड़ी हुई है। सूचना के बाद पहुंची जीआरपी ने महिला को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। महिला की पहचान नहीं हो पाई है। महिला भी अपना नाम पता बताने की स्थिति में नहीं है। एसएचओ ने बताया कि महिला की उम्र करीब 55 वर्ष है तथा सफेद व हरे रंग का छींटदार सूट-सलवार तथा लाल छींटदार दुपट्टा पहने हुए है। पुलिस द्वारा आसपास के गांवों में भी महिला से संबंधित सूचना भेजी गई है। फिलहाल ट्रामा में महिला का उपचार चल रहा है।