दिल्ली-जयपुर हाईवे संख्या-48 पर शनिवार सुबह गांव कापड़ीवास के समीप एक बेकाबू कैंटर ने एक कार व चार बाइकों को टक्कर मार दी। गनीमत यह रही कि हादसे में जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। हादसे में तीन लोग घायल हुए है। जिनका उपचार चल रहा है और फिलहाल खतरे से बाहर है। वहीं दूसरी ओर हाइवे पर ही साहबी पुल के पास एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें 45 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के बाद अन्यत्र रेफर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार की अल-सुबह दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कापड़ीवास कट पर अनियंत्रित एक तेज रफ्तार कैंटर ने पहले सामने चल रही एक ऑल्टो कार को टक्कर मारी और फिर आगे चल रही तीन बाइकों को भी टक्कर मार दी। सुबह ड्यूटी पर जा रहे कई कंपनी कर्मी भी अनियंत्रित कैंटर की चपेट में आने से घायल हो गए। संयोग से हादसा गंभीर होते हुए भी हादसे में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ, परंतु हादसे के बाद घटनास्थल पर जाम की स्थिति बन गई। काफी मशक्त के बाद पुलिस ने जाम खुलवाया और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं आरोपी कैंटर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार की टक्कर से बाइक चालक गंभीर
शनिवार की सुबह दिल्ली-जयपुर हाइवे पर ही साहबी पुल के पास एक कार ने बाइक चालक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक 45 वर्षीय गांव तितरपुर खलियावास निवासी भीम सिंह घायल हो गया। उसे पहले रेवाड़ी ट्रॉमा सेंटर और फिर गंभीर हालत के चलते रोहतक पीजीआई रैफर कर दिया गया। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।