राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-8 पर गांव खरकड़ा के पास बुधवार तड़के दो कैंटरों में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दिल्ली के एक व्यापारी की मौत हो गई, जबकि कैंटर चालक और परिचालक घायल हो गए। घायलों को निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। दुर्घटना के बाद जयपुर मार्ग पर आधा घंटे तक जाम लग गया। थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
थाना पुलिस के अनुसार दिल्ली के साउथ अनारकली एक्सटेंशन निवासी व्यापारी बहादुर सिंह दिल्ली से कुछ सामान लेकर कैंटर से जयपुर की ओर जा रहा था। मंगलवार रात कैंटर खराब हो गया। इसके बाद चालक प्रदीप ने कैंटर को हाईवे के पास खड़ा कर दिया। प्रदीप और बहादुर सिंह हाईवे के पास बने फुटपाथ पर सो गए। बुधवार तड़के जयपुर की ओर जा रहे एक कैंटर ने वहां खड़े कैंटर को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि हाईवे पर खड़ा कैंटर फुटपाथ पर सो रहे चालक और व्यापारी के ऊपर चढ़ गया, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर लगने से दूसरा कैंटर चालक हापुड़ निवासी विशाल भी गंभीर रूप से घायल हो गया। थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को यहां के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां व्यापारी बहादुर सिंह (47) की मौत हो गई।
पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शवपरिजनाें को सौंप दिया है। पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, हादसे के बाद जयपुर हाईवे पर आधे घंटे तक जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन से दोनों कैंटराें को हटवाकर जाम खुलवाया। जांच अधिकारी एएसआई जयसिंह ने बताया कि मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया है तथा घायलों का अभी उपचार किया जा रहा है।