भिवाड़ी। खुशखेड़ा-कारोली औद्योगिक क्षेत्र में अवैध पटाखा फैक्टरी में धमाके और आग की घटना के बाद खुशखेड़ा-कारोली इंडस्ट्रियल एसोसिएशन की बैठक अध्यक्ष प्रदीप दायमा की अध्यक्षता में हुई। इसमें औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा मजबूत करने का निर्णय लिया गया। बैठक में दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।
बैठक में उद्यमियों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने पर जोर दिया। तय किया गया कि यदि कोई उद्योग अपनी इकाई का प्लॉट किराए पर देना चाहता है तो किराएदार के साथ विधिवत रेंट एग्रीमेंट करना जरूरी होगा।
एग्रीमेंट में इकाई में निर्मित या स्टोर किए जाने वाले उत्पादों का स्पष्ट विवरण दर्ज किया जाएगा। नए किराएदार या किसी नई औद्योगिक गतिविधि की जानकारी रीको सहित संबंधित प्राधिकरणों को दी जाएगी।
क्षेत्र की प्रत्येक गली या ब्लॉक के लिए एसोसिएशन की ओर से एक जिम्मेदार प्रतिनिधि नियुक्त किया जाएगा, जो निगरानी और समन्वय का कार्य करेगा।
श्रमिकों की भर्ती के समय उनके पहचान पत्र, पते के प्रमाण आदि दस्तावेज लेना और रिकॉर्ड सुरक्षित रखना हर उद्योग की जिम्मेदारी होगी। सभी उद्योगों को फायर सेफ्टी, वैध लाइसेंस और सरकारी नियमों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करना होगा।
समय-समय पर फायर और आपदा प्रबंधन संबंधी मॉक ड्रिल आयोजित की जाएंगी, ताकि श्रमिकों और प्रबंधन को आपात स्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण मिल सके। एसोसिएशन प्रत्येक इकाई के विवरण प्रशासन को उपलब्ध कराएगी, जिससे पारदर्शिता और सुरक्षा बढ़ेगी।
एसोसिएशन ने बैठक में जोर देकर कहा कि औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा और कानूनी अनुपालन सभी उद्योगों की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस बैठक में आनंद अग्रवाल, मयंक अग्रवाल, संदीप यादव, बलबीर सुधीर, उम्मेद सिंह, नरेंद्र शेखावत, अशोक यादव, बबीता जांगिड़, भावना खण्डेलवाल उपस्थित रहे।