रेवाड़ी। शहर में आवारा पशुओं की समस्या को लेकर 5 सितंबर को सुबह 11 बजे नेहरू पार्क से सचिवालय तक प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया है। सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र सिंह, सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी जसवंत सिंह, कैलाश चंद, सेवानिवृत्त ईओ मनोज यादव ने ने कहा कि शहर को कैटल फ्री करने के लिए प्रशासन के पास कोई ठोस कार्ययोजना नहीं है। पशुपालकों के खिलाफ कार्रवाई करना समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। नागरिकों ने नगर परिषद को वर्ष 2026 में आवारा पशुओं के लिए आवंटित 34 लाख रुपये के उपयोग पर सवाल उठाए और पकड़े गए पशुओं की संख्या तथा उन्हें भेजे गए स्थान की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की। साथ ही आवारा पशुओं के हमलों में मृत और घायल लोगों की सूची तैयार कर मानवाधिकार आयोग के समक्ष याचिका दायर करने का निर्णय लिया गया है। नागरिकों ने निर्णय लिया कि 5 सितंबर को सुबह 11 बजे नेहरू पार्क से सचिवालय तक प्रदर्शन किया जाएगा और ज्ञापन सौंपा जाएगा। मुख्यमंत्री के रेवाड़ी आगमन पर प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात का समय दिलाने की मांग भी उपायुक्त से की जाएगी।