रेवाड़ी। शहर में एक चालक को ट्रैक्टर-ट्रॉली में कूड़ा और मलबा भरकर नगर परिषद की जमीन पर गिराना महंगा पड़ गया। डीएमसी के आदेश पर टीम ने चालक को ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत पकड़ लिया। साथ ही उसपर पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। लोगों ने बताया कि ठेकेदारों की ओर से यहां पर आए दिन मलबा डाला जा रहा था। किसी जागरूक व्यक्ति ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जब इसकी जानकारी डीएमसी को हुई तो उन्होंने तुरंत कार्रवाई करने के आदेश दिए। इसके बाद नगर परिषद की टीम ने कार्रवाई की।
शहर के मिनी बाईपास कहे जाने वाले कोनसीवास रोड स्थित जगराम पुलिया के पास नगर परिषद की काफी जमीन पड़ी हुई थी। इस जमीन पर आए दिन शहर का कूड़ा और जगह-जगह से एकत्रित किया हुआ मलबा डाला जा रहा था। शहर में प्राइवेट ठेकेदार की ओर से बेसमेंट की खोदाई के दौरान निकला मलबा भी सोमवार को एक चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर वहां डालने पहुंच गया। इस दौरान किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया। साथ ही ये वीडियो नगर परिषद के अधिकारियों को भेजने के साथ ही वायरल कर दिया।
डीएमसी उदयभान ने वीडियो वायरल होने पर नगर परिषद के सीएसआई सुधीर की टीम को चालक के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए भेजा। टीम ने शहर के महाराणा प्रताप चौक पर चालक को ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत पकड़ लिया। नगर परिषद की तरफ से ट्रैक्टर चालक पर 5 हजार रुपये जुर्माना किया गया है।
पहले भी हुआ था एक वीडियो वायरल
कुछ दिन पहले भी इसी तरह का एक वीडियो वायरल हुआ था। दिल्ली रोड पर शादी समारोह से एकत्रित किया हुआ कूड़ा एक चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर सड़क पर फैलाते हुए ले जा रहा था। इसके बाद अधिकारियों ने ट्रैक्टर चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही थी।