संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले में वीरवार की रात और शुक्रवार को दोपहर बाततीन घंटे तक रुक-रुक कर हुई बारिश ने एक बार फिर किसानों पर कहर ढा दिया है। कटाई के बाद खेतों पड़ी गेहूं और सरसों की करीब 60 फीसदी फसल भीग कर खराब हो गई है। वहीं वीरवार रात अंधड़ के चलते कई स्थानों पर बिजली के खंभे और पेड़ टूट कर गिर पड़े जिससे न सिर्फ बिजली गुल रही बल्कि आवागमन भी प्रभावित रहा।
बिजली निगम और लोकनिर्माण विभाग के कर्मचारियों ने मशक्कत कर बिजली और आवागमन व्यवस्था को दुरुस्त कराया। दो दिन से हो रही बारिश से खलिहानों में पड़ी सरसों अंकुरित होने लगी है। बारिश के चलते न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट से मौसम फिर ठंड हो गया है। मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 2 दिनों तक बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने पहले ही 30 मार्च से एक बार फिर मौसम में बदलाव होने के आसार जताए थे। वीरवार की रात और शुक्रवार को हुई बारिश से काट कर रखी गई गेहूं और सरसों की फसल को नुकसान पहुंचा है। इससे पहले कुछ दिन पूर्व हुई ओलावृष्टि से फसल बर्बाद हो गई थी।
बारिश की वजह से शहर के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। बारिश के कारण शहर के सबसे व्यस्त सर्कुलर रोड पर सुबह से ही जाम की स्थिति बनी हुई है। जलभराव होने के कारण पैदल चलने वालों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी है।
वर्जन:
बारिश से नुकसान का अनुमान लगाना अभी मुश्किल है। 4 अप्रैल तक बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में किसानों को कोई सलाह भी नहीं दी जा सकती है। अब तो किसान मौसम खुलने तक का इंतजार करें।- संजय कुमार, एडीओ, कृषि विभाग