रेवाड़ी। शहर के नेहरू पार्क में विश्व साइकिल दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रवक्ता हर्ष कुमार ने कहा कि फिट इंडिया कार्यक्रम में साइकिल चलाओ स्वस्थ रहो पर बल दिया जा रहा है। कहा कि साइकिल आर्थिक व शारीरिक रूप से लाभकारी है जो लोगों को बीमारियों से दूर रखता है।
वरिष्ठ बैंक मैनेजर दिनेश गुलयानी ने बताया कि विश्व साइकिल दिवस मनाने का उद्देश्य लोगों को साइकिल के प्रति जागरूक करना है लेकिन भौतिकवाद में लोगों ने साइकिल को दरकिनार कर दिया है। इसके कारण आज युवा भी बीमारियों की चपेट में है। हमें ज्यादा से ज्यादा साइकिलिंग करनी चाहिए और नजदीकी दूरी को साइकिल के द्वारा पूरा करना चाहिए। प्रवक्ता नेमपाल ने बताया कि साइकिल चलाना स्वास्थ्य के लिए अति लाभकारी है। साइक्लिंग से दिल, फेफड़े स्वस्थ रहते हैं। वजन नियंत्रित रहता है। मधुमेह रोगियों के लिए साइकिलिंग फायदेमंद है। इस अवसर पर अध्यापक मुकेश कुमार, दीपक कुमार, गजानंद, तुलसीराम, केशव, रोहतास, फतेह सिंह सैनी उपस्थित रहे।