धारूहेड़ा। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर गांव खरखड़ा के निकट बने माइनर पुल की दोनों तरफ की स्लिप लाइनों पर बने बड़े-बड़े गड्ढे अब आम नागरिकों के लिए परेशानी और दुर्घटना का खतरा बनते जा रहे हैं। इस समस्या को लेकर गांव खरखड़ा स्थित राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य और ग्रामीणों ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से तत्काल मरम्मत करवाने की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि यह मार्ग आसपास के गांवों के हजारों नागरिकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए इसकी बदहाल स्थिति को लंबे समय तक नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
माइनर पुल के दोनों तरफ बनाई गई पक्की स्लिप लाइनों का उद्देश्य हाईवे के एक तरफ से दूसरी तरफ जाने वाले स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध करवाना था। इन स्लिप लाइनों के शुरू होने से ग्रामीणों, विद्यार्थियों, स्कूल बसों और औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले कर्मचारियों को काफी राहत मिली थी। प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन चालक इस मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन पिछले कई दिनों से दोनों स्लिप लाइनों पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिससे वाहनों का निकलना मुश्किल हो रहा है।
विद्यार्थियों और स्कूल बसों की आवाजाही भी प्रभावित
खरखड़ा स्थित राजकीय महाविद्यालय के आसपास होने के कारण इस मार्ग का शैक्षणिक महत्व भी काफी अधिक है। विद्यार्थियों और कॉलेज आने-जाने वाले लोगों के साथ आसपास के स्कूलों की बसें भी इस रास्ते से गुजरती हैं। इसके अलावा धारूहेड़ा और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में नौकरी करने वाले हजारों कर्मचारी रोजाना हाईवे पार करने के लिए इसी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। गड्ढों के कारण वाहनों को नुकसान पहुंच रहा है और दोपहिया वाहन चालकों को विशेष परेशानी हो रही है। अचानक गड्ढों से बचने के प्रयास में दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
अस्थायी खानापूर्ति नहीं, गुणवत्ता के साथ हो स्थायी मरम्मत
सुंदरलाल, श्रीपाल, सुभाष यादव, रवींद्र ने मांग है कि एनएचएआई अधिकारी इस मामले में तुरंत संज्ञान लें और दोनों स्लिप लाइनों की पूरी स्थिति का निरीक्षण करवाएं। केवल गड्ढों में मिट्टी या सामान्य सामग्री डालकर अस्थायी खानापूर्ति करने के बजाय क्षतिग्रस्त हिस्सों की तकनीकी मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण मरम्मत करवाई जाए, ताकि दोबारा गड्ढे बनने की समस्या पैदा न हो।
जब इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों नागरिकों, विद्यार्थियों, स्कूल बसों और औद्योगिक कर्मचारियों का आवागमन होता है तो इसकी सुरक्षा और रखरखाव को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
वर्जन:
खरखड़ा माइनर पुल की दोनों स्लिप लाइनों पर बने गड्ढों की समस्या का समाधान करवाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
योगेश तिलक, परियोजना निदेशक, एनएचएआई
खरखड़ा माइनर पुल पर बना गड्ढा। संवाद