रेवाड़ी। जिले के रेवाड़ी, कोसली और बावल में वीरवार से गेहूं व सरसों की खरीद शुरू हो गई है। पहले दिन जिले के 65 किसानों से 3775 क्विंटल गेहूं खरीदा गया। रेवाड़ी अनाज मंडी में 18 किसानों का 1135 क्विंटल गेहूं, कोसली में 36 किसानों का 2140 क्विंटल व बावल में 11 किसानों से 500 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई। जबकि सरकारी खरीद के लिए सरसों लेकर कोई भी किसान नहीं आया।
खरीद के दौरान कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सामाजिक दूरी का विशेष ध्यान रखा गया। सभी मंडियों में किसानों के लिए मास्क व सैनिटाइजर का इंतजाम था। मंडियों के गेट पर किसानों की स्वास्थ्य जांच की गई। गेहूं खरीद में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए किसानों के मोबाइल पर मैसेज भेजे गए थे। जिन किसानों के मोबाइल पर मैसेज भेजे गए थे, उन्हीं को टोकन देकर गेहूं खरीदा गया। इस दौरान किसानों ने कोरोना संक्रमण को लेकर जारी गाइडलाइन का भी पूरा ध्यान रखा।
11 किसानों से 500 क्विंटल गेहूं खरीदा
बावल। बावल अनाज मंडी में 11 किसानों से 500 क्विंटल गेहूं खरीद गया। कोरोना वायरस के प्रकोप के चलते अधिक संख्या में किसानों को इकट्ठा होने से रोकने के लिए सरकार ने मास्क व सामाजिक दूरी का पालन करने के निर्देश दिए थे, जिसका सभी ने ध्यान रखा।
2140 क्विंटल खरीद हुई
कोसली। कोसली अनाज मंडी में 2140 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई। मार्केट कमेटी के सचिव के अनुसार किसानों के फोन पर पहले दिन मैसेज भेजकर उनको सूचित किया जा रहा है। कर्मचारियों की देखरेख में दिनभर गेहूं की खरीद का कार्य शांतिपूर्वक चलाता रहा।
सभी मंडियों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
जिले में सरसों खरीद केंद्रों पर पुलिस के व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं ताकि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो सके। पुलिस अधीक्षक अभिषेक जोरवाल के आदेश से मंडियों में पुलिस के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। अनाज मंडियों में पुलिस की ओर से निगरानी की जा रही है। किसानों को सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों को अपनाने व मास्क लगाने के लिए अपील की जाएगी। किसानों के अनाज खरीद मंडियों के स्थान निर्धारित करने पर सभी मंडियों में पुलिस की ड्यूटी लगाई गई हैं।
-----------------------
51,281 किसानों ने कराया है पंजीकरण
जिले में 51,281 किसानों ने मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर सरसों व गेहूं फसल का पंजीकरण कराया हुआ है। इनमें से 15,282 किसानों ने गेहूं का पंजीकरण कराया है। रेवाड़ी, बावल और कोसली की मंडियों में गेहूं की खरीद की जा रही है। सरकार ने गेहूं का सरकारी समर्थन मूल्य 1,975 रुपये प्रति क्विंटल किया हुआ है। जिला प्रशासन की ओर से मंडी में 48 घंटे के अंदर अनाज के उठान के सख्त निर्देश हैं।
वर्जन
जिन किसानों का मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर गेहूं का पंजीकरण है, उनकी ही सरकारी खरीद की जा रही है। मोबाइल पर आने वाले एसएमएस के आधार पर ही किसानों को मंडी में अनाज लेकर आना होगा। गेहूं अच्छी तरह सुखाकर और साफ करके ही लाएं। मंडी में बिजली, पानी और सफाई आदि की व्यवस्था दुरुस्त है।
- सत्यप्रकाश यादव, सचिव, मार्केट कमेटी रेवाड़ी।