यूपीएससी में 44वीं रैंक को लेकर विवादों में आए रेवाड़ी के तुषार का वीरवार को रेवाड़ी से दिल्ली यूपीएससी कार्यालय जाकर सच्चाई पता करने की बात कहने के बाद से ही मोबाइल बंद आ रहा है। हालांकि परिजन उसे हर संभावित स्थानों पर खोज रहे है, लेकिन उसका अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।
शुक्रवार सुबह ढूंढने दिल्ली गया है तुषार का भाई
शुक्रवार को तुषार का भाई राहुल भी उसे ढूढने के दिल्ली रवाना हो गया। ऐसे में परिवार के सदस्य परेशान है। यूपीएससी की 44वीं रैंक को लेकर हरियाणा व बिहार के तुषार के बीच एक-दूसरे को झूठा साबित करने को लेकर विवाद छिड़ा हुआ है।
डर के साये में जी रहा परिवार
रेवाड़ी शहर की सती कॉलोनी निवासी तुषार की भाभी ज्योति ने बताया कि वह इस पूरे विवाद के बाद दिल्ली यूपीएससी कार्यालय गया था। उसका कहना था कि वह रोल नंबर को लेकर क्लियर करने जा रहा है। बोल रहा था भाभी घर संभाल लेना और रो भी रहा था। उसके बाद फोन मिलाया, फोन ही बंद आ रहा है। यूपीएससी परीक्षा पास करने की खुशी तो बहुत ज्यादा हुई थी, लेकिन क्या करें सपना ही टूट गया। वीरवार को दिल्ली वह अपने दोस्त के साथ गया था। फोन स्विच ऑफ आ रहे हैं। शुक्रवार को सुबह मेरे पति राहुल उन्हें ढूंढने दिल्ली गए हुए हैं।