बीएमएस डॉक्टर समेत सात आरोपी गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
लिंग जांच कराने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह में दो महिलाएं भी शामिल थीं। शहर से पीछा कर उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में देर रात तक दबिश के दौरान सीआईए रेवाड़ी ने दोनों महिलाओं और बीएमएस डॉक्टर समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। महिलाओं को कोर्ट में पेश करने के बाद जहां ज्यूडीशियल कस्टडी में भेज दिया गया, वहीं डॉक्टर समेत अन्य आरोपियों को पुलिस ने गैंग से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है।
डीएसपी क्राइम संजीव बलहारा ने बताया कि गिरफ्तार किये गए आरोपी दिल्ली शाहदरा निवासी डॉ.यशपाल, अलवर कोटकासिम निवासी विकास, कसौला क्षेत्र निवासी राजपाल, उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद निवासी सुभाष, गाजियाबाद निवासी देव कुमार हैं। वहीं महिला आरोपी अलवर के कोटकासिम निवासी सुनीता और संजू हैं। रिमांड के दौरान आरोपियों से गैंग से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
बावल चौक स्थित मॉडर्न लैब का है दलाल
वहीं मामले की पहली कड़ी यानी कि दलाल की तलाश अभी भी सीआईए को है। फरार आरोपी रामू और वह बावल चौक स्थित मॉडर्न लैब में काम करता है। वहीं सूत्रों के अनुसार पुलिस ने डिकॉय पेशेंट के जरिये रामू और अन्य लोगों का मोबाइल नंबर हासिल किया था। जिसके चलते ही मामले में अभी तक की सफलता मिल सकी है।