बावल। एनएच-8 पर बनीपुर चौक के निकट मंगलवार को तीन ओवरलोड ट्राले टकरा गए। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। इससे यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। जाम लगने से हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो ट्रकों को एक तरफ कर एक मार्ग तो खुलवा दिया लेकिन दूसरा मार्ग खुलवाने में कई घंटे लग गए। उन्होंने क्रेन मंगवाकर ट्रॉले को हटवाया गया। इस दौरान पुलिस को जाम खुलवाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
एसएचओ कर्मबीर खटाना ने बताया कि बनीपुर चौक पर मंगलवार सुबह 5 बजे के करीब जयपुर से दिल्ली ओर जा रहे तीन ओवरलोड ट्राले आपस में टकराए गए। इनमें से दो ट्रालों को तो पहले ही हटा दिया गया था। वहीं एक ट्राले में ज्यादा माल भरे होने के कारण उसको बाद में क्रेन द्वारा हटाया गया। जिसके चलते एनएच-8 पर वाहनों की लंबी लंबी कतार लग गई।
यह स्थिति लगभग सुबह 9 बजे तक बनी रही जिसके कारण वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वाहन चालक जाम से जल्दी निकले के चक्कर में अपने वाहनों को इधर उधर दौड़ाते नजर आए। एसएचओ ने बताया कि हाइवे पर हादसे कम करने के लिए ओवर लोड डंपरों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। कुछ डंपर जब्त भी किए गए हैं।