खोल थाना क्षेत्र के गांव लिसान में एक युवक ने अपने परिचित के घर फंदा लगाकर मंगलवार दोपहर को जान दे दी। मृतक बुड़ौली गांव का था। उसके पास से मिले सुसाइड नोट में उसने गांव की ही महिला समेत तीन लोगों को नामजद किया है। मामला नोटबंदी के चलते बदलने के लिए दिए गए सात लाख के वापस न मिलने का बताया जा रहा है।
डहीना चौकी प्रभारी जीतेंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें मंगलवार दोपहर सूचना मिली कि लिसान गांव में सुरेंद्र के घर में एक युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी है। सूचना पर जब वे मौके पर पहुंचे तो संदीप (21) का शव घर के जीने की ग्रिल पर कपड़े के सहारे लटक रहा था। सुरेंद्र ने बताया कि संदीप ने जब आत्महत्या की उस वक्त घर पर कोई नहीं था। संदीप, सुरेंद्र के घर पिछले दो दिनों से रह रहा था और पहले ड्राइवरी का काम करता था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
-मिला सुसाइड नोट, गांव की महिला समेत तीन नामजद
मृतक के पास से एक सुसाइड नोट मिला। जिसमें आत्महत्या करने का कारण गांव की ही एक महिला समेत तीन लोगों को बताया गया था। सुसाइड नोट में लिखा था कि नोटबंदी के दौरान गांव के इन लोगों ने पुरानी करेंसी को चेंज कराने का आश्वासन दिया था। इस पर उसने सात लाख रुपये आरोपियों को दिए थे, जो कई बार कहने के बावजूद आरोपियों ने नहीं लौटाए। इससे परेशान होकर उसे आत्महत्या करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
--------
मिले सुसाइड नोट और मृतक के छोटे भाई की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
-जीतेंद्र कुमार, डहीना चौकी प्रभारी