स्थानीय कुंड बैरियर बस स्टैंड के पास रविवार देर शाम कार की चपेट में आने से एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची स्थानीय कुंड पुलिस चौकी ने मृतक के परिजनों के बयान पर कार चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव पाड़ला निवासी महेन्द्र सिंह रविवार देर शाम स्थानीय कुंड बैरियर से गांव पाड़ला को जाने के लिए सड़क पार कर रहा था, तभी वह एक कार की चपेट में आ गया। इस दुर्घटना में महेन्द्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए रेवाड़ी स्थित ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां पर उपचार के दौरान उसकी देर रात मौत हो गई। मामले के जांच अधिकारी एएसआई भगवान सिंह ने बताया कि अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।