रेवाड़ी के सेक्टर-4 स्थित रेजांगला पार्क में बैठे युगल से बदमाशों ने पीटने के बाद लूटपाट की। बदमाशों के भागते समय राहगीरों ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया लेकिन कोई रिस्पांस नहीं मिला।
घटना रेजांगला पार्क में वीरवार दोपहर करीब एक बजे की है। झज्जर जिले के एक गांव निवासी युवक शहर की ही एक महिला के साथ पार्क में बैठा था। इसी दौरान करीब सात लोग पार्क मेें पहुंचे। दोनों को परेशान करते हुए युवक को पीटना शुरू कर दिया। विरोध करने पर युवती को भी बुरी तरह पीटा। उनसे चार हजार रुपये की नकदी के साथ ही दोनों के मोबाइल भी छीन लिए।
पीछा कर फेंका पत्थर कार पर लगा
मारपीट और लूटपाट करने के बाद बदमाश पार्क से भागने लगे। युवक ने उनका पीछा किया और आगे भागते बदमाशों पर पत्थर फेंका। इसी दौरान एक पत्थर सामने से आ रही कार के शीशे पर लगा और कार क्षतिग्रस्त हो गई। मामले में कार मालिक ने पीड़ित युवक को छोड़ दिया। इसके बाद बदमाशों का पीछा भी किया गया लेकिन किसी के हाथ नहीं आए।
15 मिनट में किए आठ कॉल, नहीं पहुंची पुलिस
घटना के बाद पार्क के आगे सड़क पर कई राहगीर जमा हो गए। एक शख्स ने पुलिस कंट्रोल रूम नंबर (100) पर दोपहर 1.22 से 1.37 बजे तक आठ कॉल कीं। पुलिस कंट्रोल रूम पर एक भी कॉल रिसीव नहीं हुई। पार्क में घूमने आने वाले आसपास के लोगों को कहना था कि पहले पुलिस की गश्त रोजाना होती थी, लेकिन पिछले कुछ महीनों से पुलिस नहीं आ रही है।
पुलिस कंट्रोल रूम नंबर फोन न उठाया जाना चिंता का विषय है। इस संदर्भ में जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। - गजेंद्र कुमार, डीएसपी हेडक्वार्टर, रेवाड़ी