ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कई दिनों बाद शिकंजा कसते हुए जिला पुलिस ने शनिवार को कार्रवाई की। नाकाबंदी करने के बाद कसौला, बावल और धारूहेड़ा थाना क्षेत्रों की कार्रवाई में पुलिस ने सात वाहनों को सीज करते हुए आरोपी चालकों को भी गिरफ्तार किया है।
कसौला थाना पुलिस ने शनिवार शाम के समय नाकाबन्दी कर भाईराम बास निवासी उदमी चन्द, टोंक जिला के सरपड़ा निवासी गोवर्धन, भीलवाड़ा जिला के खामोड निवासी लाल मोहम्मद तथा झुंझुनू जिला के गोविन्दपुरा निवासी मलसिंह को बनीपुर चौक के पास से ओवरलोड वाहन ले जाते हुए गिरफ्तार किया है।
वहीं धारुहेड़ा पुलिस ने अलवर जिला के नया बास निवासी रामौतार तथा राइली निवासी रामनिवास को ओवरलोड वाहन ले जाते समत मसानी पुल और सोहना टी-प्वाइंट के पास से गिरफ्तार किया है। बावल थाना पुलिस ने जयपुर जिला के ढाणी बड की निवासी रमेश को नैचाना कट के पास से ओवरलोड वाहन समेत गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ ओवरलोड तथा एमवी एक्ट के तहत मामला दर्ज करके कार्रवाई की है। पुलिस ने इन मामलों में वाहन मालिकों को भी धारा 120-बी के अंतर्गत आरोपी बनाया है। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से सभी को जमानत पर छोड़ दिया गया।