सोने के नकली बिस्कुट देकर स्वर्णकार से ठगी करने के मामले में पुलिस ने मुख्य सरगना के साथी कमल को भी गिरफ्तार कर लिया है।
इसके अलावा सरगना आनंद धनखड़ से रिमांड पर पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के बाद आठ नकली सोने के बिस्कुट, चार नकली सोने की चेन और एक नकली सोने का ब्रेसलेट भी बरामद किया है।
जानकारी देते हुए भाड़ावास चौकी प्रभारी कर्णसिंह ने बताया कि मुख्य सरगना आनंद धनखड़ के बाद गिरफ्तार किया गया दूसरा आरोपी बंजारवाड़ा निवासी कमल उर्फ टेंशन है।
आरोपी के पास से पुलिस ने दो सोने के नकली बिस्कुट भी बरामद किए हैं। लाखों रुपये की इस ठगी के मामले में शामिल अन्य आरोपियों को दबोचने के लिए दबिश दी जा रही है जल्द ही गिरोह में शामिल अन्य सभी आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।
ज्वैलर्स को करता था नकली ज्वैलरी सप्लाई
पुलिस के अनुसार आरोपी कमल उर्फ टेंशन आरोपी विनीत उर्फ विक्की व आनंद से नकली सोने के बिस्कुट व चेन लेकर बाजार में स्वर्णकारों को सप्लाई करते थे। आरोपी कमल उर्फ टेंशन को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपी द्वारा स्वर्णकारों के साथ की गई ठगी के बारे में पूछताछ की जाएगी।