कार सवार कुछ लोगों ने गांव रोहड़ाई में पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही एक नंबरदार पर फायरिंग कर दी। हालांकि फायरिंग में नंबरदार बाल-बाल बच गया। आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी नंबरदार के परिवार की महिलाओं पर गाड़ी भी चढ़ाने का प्रयास किया। रोहड़ाई पुलिस ने मामले में तीन लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार गांव रोहड़ाई निवासी नंबरदार जगबीर शनिवार रात अपने घर के बाहर बने एक कमरे में बैठे हुए थे। इसी दौरान घर के बाहर एक सफारी गाड़ी आकर रुकी। सफारी में सवार गांव के ही दीपक, संजय व रजनीश ने पिस्टल निकालकर उस पर फायर कर दिया। जगबीर किसी तरह बचकर घर के अंदर चला गया। इसी दौरान घर के बाहर खड़ी महिलाओं पर आरोपियों ने गाड़ी चढ़ाने की भी कोशिश की। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी निकल गए। जगबीर ने पुलिस को सूचना दी।
----------
पुलिस को सूचना देने पर दोबारा किया फायर
सूचना के बाद रोहड़ाई पुलिस जांच के लिए मौके पर पहुंची। अभी रोहड़ाई पुलिस जांच के बाद वापस थाने भी नहीं पहुंची थी कि एक बार फिर आरोपी जगबीर के घर के बाहर आ धमके और हवा में फायर किया तथा फरार हो गए। सूचना के तुरंत बाद पुलिस ने नाकेबंदी की, लेकिन आरोपी पुलिस पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाए।
------------
मामले में नंबरदार की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-एएसआई नरेश कुमार, जांचकर्ता, रोहड़ाई थाना