रात में ठंड बढ़ने के साथ ही धुंध और कोहरे की चादर के बीच एक बार फिर से जिले में चोरी की वारदातों में तेजी से इजाफा हुआ है।
सोमवार को जिले के अलग-अलग थानों में पांच मामले चोरी के दर्ज हुए हैं। इनमें से तीन चोरियां मकानों में हुई हैं। खास बात तो यह है कि इन चोरियों में से एक तो दिनदहाड़े हुई और वह भी पुलिस की नाक के नीचे। वहीं दो बाइक भी चोरी होने के मुकदमे अलग-अलग थानों में दर्ज किए गए हैं।
केस नंबर:1 सिटी थाना(यादव नगर)
घर से दिनदहाड़े उड़ाए लाखों के गहने और नकदी
मनोज कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे यादव नगर की गली नंबर 6 में पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते हैं। सोमवार सुबह बच्चे स्कूल गए थे। जबकि वह करीब दस बजे पत्नी के साथ अटेली गांव में दवाई लेने के लिए गए थे। बकौल मनोज करीब एक बजे लौटने पर उन्होंने देखा कि एक कमरे में लगा ताला टूटा है और अंदर बेड का सामान बिखरा पड़ा है।
सामान की तलाशी ली तो करीब हजारों की नकदी और चार सोने की चूड़ियां, तीन अंगूठी, तीन सोने की चेन, चार जोड़ी पाजेब, दो चांदी के गिलास समेत लाखों रुपये के सोने के आभूषण और एक एलसीडी चोरी गायब थी। वहीं ऊपर के कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर भी रखी नकदी चोरों ने पार कर ली। बकौल मनोज लाखों के जेवर के अलावा करीब पच्चीस हजार रुपये की नकदी भी चोरी हुई है। सिटी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
केस नंबर 2: सिटी थाना (समारोह स्थल)
सगाई समारोह से जेवरात व नकदी से भरा बैग चोरी
मॉडल टाउन निवासी जगदीश सपड़ा की लड़की की दो दिन पूर्व सगाई होनी थी। सगाई समारोह दिल्ली रोड स्थित एक समारोह स्थल में किया गया था। समारोह में काफी संख्या में रिश्तेदार व लोग मौजूद थे। इसी दौरान जगदीश का बैग चोरी हो गया। बैग में करीब हजारों रुपये की नकदी के अलावा, सोने की अंगूठी, टाप्स, मोबाइल व अन्य सामान रखा हुआ था। बैग चोरी होने के बाद काफी प्रयास किया गया लेकिन चोर का सुराग नहीं लगा। बकौल जगदीश दो बच्चों पर उसे संदेह है, जिनकी फोटो भी उसने स्थानीय सिटी थाना पुलिस को दी है। सिटी पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
--------------
केस नंबर 3: कसौला थाना (इब्राहिमपुर)
कसौला थाना क्षेत्र के गांव इब्राहिमपुर की ढाणी कमालपुर निवासी महीपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 6 दिसंबर को करीब 12 बजे अज्ञात चोर उसके घर में दाखिल हो गए। चोरों ने कमरे में रखी हजारों की नकदी के अलावा सोने के आभूषण समेत चालीस हजार रुपये से ज्यादा का माल पार कर लिया।
----------
केस नंबर 4,5: मॉडल टाउन थाना (बाइक चोरी)
असादपुर निवासी शक्ति सिंह ने पुलिस ने मॉडल टाउन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि चार दिसंबर की दोपहर वह किसी काम से बीएमजी शॉपिंग मॉल आए हुए थे। दोपहर करीब सवा तीन बजे लौटे तो अज्ञात लोगों ने उसकी बाइक चोरी कर ली थी। वहीं, गुडग़ांव निवासी राजकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दिल्ली रोड स्थित होटल से उसकी बाइक छह दिसंबर की दोपहर करीब एक बजे किसी ने चोरी कर ली। दोनों ही मामलों में पुलिस जांच में जुटी है।
----------
गैर सरकारी वाहनों से भी करेगी गश्त
पुलिस सरकारी वाहनों जैसे जिप्सी आदि की जगह गैर सरकारी वाहन जैसे कार, ऑटो और अन्य निजी वाहनों से भी गश्त करेगी। जिससे अपराधियों को पुलिस के आने की भनक न लगे और उनकी ज्यादा से ज्यादा धरपकड़ हो सके।
बलवान सिंह राणा, एसपी