शहर के महेंद्रगढ़ फाटक के समीप स्थित सीएसडी कैंटीन से बेचने के लिए बाहर सामान ले जाने का मामला पकड़ा है। पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जबकि उसका साथी भागने में कामयाब हो गया। आरोपी से बड़ी मात्रा में तेल, शैंपू और क्रीम बरामद किया है।
पुलिस उपाधीक्षक जमाल खान ने बताया कि गुप्तचर विभाग से उनको कैंटीन का सामान बेचने के लिए बाहर ले जाने की सूचना मिली थी। कार्रवाई के लिए टीम गठित की गई। वीरवार को दो युवकों ने कैंटीन से सामान लिया। सामान इतना अधिक था कि एक कार सामान से पूरी तरह भर गया। बचे सामान को युवकों ने समीप ही एक कबाड़ी की दुकान पर रख दिया।
इसके बाद एक युवक कार लेकर चला गया। बचे सामान को दूसरा युवक लेने आया तभी रामपुरा पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पकड़े युवक की निशानदेही पर कबाड़ी की दुकान से कैंटीन का सामान बरामद कर लिया गया। पकड़ा गया युवक गांव पालड़ा का रहने वाला रमेश है। उसका दूसरा साथी सोनू बताया गया है।
कोट
सामान पकड़ने की घटना कैंटीन के बाहर की है। स्टोर रूम के रिकार्ड व सामान की भी जांच की जा रही है। यदि किसी कर्मचारी की मिलीभगत सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। - मेजर एसएस धारीवाल, प्रबंधक सीएसडी कैंटीन।