एनएच-8 पर आसलवास कट के निकट शुक्रवार को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद घायल व्यक्ति सड़क के निकट गंदे पानी के नाले में गिर गया। नाले में गिरने के थोड़ी देर बाद दम तोड़ दिया।
जांचकर्ता एएसआई राजेश ने बताया कि राजस्थान के जयपुर जिले के गांव काकराणा निवासी रामकरण(55) अपने साथी भगवान सिंह के साथ किसी काम से दिल्ली गया था। बस से वापस आते समय आसलवास गांव में अपने परिचित से मिलने के लिए गांव के कट पर उतर गए।
सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और सड़क के किनारे बने गंदे पानी के नाले में गिर गया। नाले में गिरने के कुछ समय बाद ही उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि रामकरण के साथी ने घटना की सूचना कसौला थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची कसौला थाना पुलिस ने शव को गंदे पानी के नाले से निकलकर शव का बावल स्थित सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों के हवाले कर दिया।