जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड में नाबालिगों पर हमला करने के मामले का मास्टर माइंड साथी सहित काबू
-आरोपियों के कब्जे से एक देसी कट्टा और कारतूस बरामद किया
-आरोपियों ने सीआईए टीम पर की थी फायरिंग, आधा दर्जन पहले ही हो चुके गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड में पेशी पर आए दो नाबालिगों पर हमला कराने वाले मास्टर माइंड को पुलिस ने साथी सहित सोमवार शाम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान गोकलगढ़ निवासी प्रवीण उर्फ मुरली और प्रमोद उर्फ चेतन के रूप में हुई है। आरोपियों से एक देसी कट्टा और कारतूस भी बरामद किया गया है। वारदात के दिन दोनों आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए थे।
बता दें कि 31 जनवरी की दोपहर गोकलगढ़ निवासी दो नाबालिग हत्या के प्रयास के एक मामले में मॉडल टाउन में शिव चौक के समीप जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड में पेशी पर आए थे। एक आरोपी पुलिस कस्टडी में था जबकि दूसरा जमानत पर है। दोनों आरोपियों के साथ हमलावरों की पुरानी रंजिश है। पेशी के दौरान प्रवीण उर्फ मुरली साथियों सहित हथियारों से लैस होकर दोनों पर हमला करने माडल टाउन में शिव चौक पर पहुंचे थे। हमले की जानकारी सीआईए प्रभारी प्रदीप को मिली तो व टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बचने के लिए आरोपियों ने टीम पर फायरिंग कर दी, लेकिन सीआईए कर्मियों ने चार आरोपियों को मौके से दबोच लिया जबकि दो को बाद में काबू किया। मास्टर माइंड प्रवीण उर्फ मुरली मौके से फरार हो गया था।