अलग-अलग सड़क हादसों महिला सहित दो की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या आठ और रेवाड़ी-बेरली सड़क मार्ग पर दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक वृद्ध महिला सहित दो की मौत हो गई। पुलिस ने संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज करके शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
सदर थाना क्षेत्र के तहत गांव बुढ़पुर में शुक्रवार सुबह सड़क पार कर रही एक 55 वर्षीय वृद्ध महिला को अज्ञात कार चालक ने टक्कर मार दी। पुलिस ने बताया कि गांव बूढपुर निवासी लक्ष्मी देवी शुक्रवार सुबह अपने घर से खेतों की तरफ जाने के लिए सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान एक तेज कार ने उसको टक्कर मार दी। दुर्घटना में लक्ष्मी देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन तत्काल उसको ट्रामा सेंटर लेकर गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सदर थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। अज्ञात कार चालक पर मामला दर्ज कर लिया है।
दिल्ली-जयपुर हाईवे पर ओढ़ी कट के निकट वीरवार रात को अलवर के शाहजहांपुर से बावल आ रहे ऑटो को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे यूपी के जिला अलीगढ़ के गांव शेखपुर निवासी 38 वर्षीय कंवल सिंह की मौत हो गई जबकि ऑटो चालक जिला अलवर के गांव अहीर भगोला निवासी दिनेश कुमार घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि दिनेश ने यूपी के कंवल सिंह को अपने खेतों में बतौर श्रमिक रखा हुआ था। वह वीरवार शाम को शाहजहांपुर से सामान लेकर बावल आ रहा था तथा इसी दौरान ओढ़ी कट के समीप एक ट्रक ने उसके ऑटो को टक्कर मार दी जिसमें कंवल की मौके पर ही मौत हो गई।