एटीएम कार्ड बदल कर निकाले पचास हजार रुपये
ओर उजाला ब्यूूरो
रेवाड़ी।
सरकुलर रोड स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम पर रुपये निकालने गई एक महिला से मदद के नाम पर एक युवक ने एटीएम कार्ड बदल लिया। इसके बाद उसके खाते से 51 हजार 700 की राशि निकाल ली। महिला को तीन माह बाद बैंक खाते से राशि निकलने का पता चला। इसके बाद बैंक को सूचना देकर खाता और एटीएम कार्ड बंद कराया और शहर थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस को दी शिकायत में गांव गोकलगढ़ निवासी नीतू यादव ने कहा है कि नई अनाज मंडी स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में उसका खाता है। 30 अक्टूबर 2017 को वह अपनी सहेली के साथ सरकुलर रोड पर नसियाजी मोड़ स्थित एसबीआई के एटीएम बूथ पर रुपये निकालने के लिए आई थी। एटीएम से रुपये निकालने का प्रयास किया, परंतु रुपये नहीं निकले। बूथ में पहले से ही मौजूद युवक ने मदद की पेशकश कर रुपये निकालने के लिए कहा। युवक ने एटीएम से दो हजार निकाल कर नीतू को दे दिए, लेकिन इस दौरान युवक ने उनका एटीएम कार्ड बदल लिया। रुपये निकालने के बाद वह घर चली गई। उन्होंने एटीएम कार्ड बदलने का पता नहीं लगा। इसके बाद जब वह दोबारा एटीएम पर रुपये निकलवाने गई तो एटीएम कार्ड ने काम नहीं किया। इसके बाद बैंक में संपर्क किया गया तो पता चला की एकाउंट से 51 हजार 700 की राशि निकाली गई है।